Uncategorised

सिलतरा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आए श्रमिक बोधीराम चौहान की मौत

Advertisement
Advertisement Carousel

रायपुर। रायपुर की राजधानी स्थित सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक श्रमिक की जान चली गई। अविनाश लॉजिस्टिक पार्क के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना से एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं।


काम के सिलसिले में निकले थे, ट्रक ने मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बोधीराम चौहान (33 वर्ष) मूलतः सरायपाली के ग्राम बिछिया का निवासी था। वह पिछले तीन वर्षों से सिलतरा स्थित ‘श्रीराम प्लास्ट’ पाइप फैक्ट्री में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

शनिवार शाम वह अपनी बाइक से किसी आवश्यक कार्य से निकला था। इसी दौरान ट्रक (CG 04 J 5043) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा अविनाश लॉजिस्टिक पार्क के समीप हुआ।


अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बोधीराम के सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद फैक्ट्री सुपरवाइजर और सहयोगियों ने उसे तत्काल धरसींवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। मामले में चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


परिवार पर टूटा दूसरा बड़ा आघात

बताया गया कि यह परिवार पहले भी सड़क हादसे का दर्द झेल चुका है। बोधीराम के बड़े भाई की भी कुछ वर्ष पूर्व दुर्घटना में मौत हो गई थी। बड़े भाई के निधन के बाद बोधीराम ही अपने 69 वर्षीय पिता हेमलाल और 62 वर्षीय माता गणेशी बाई का एकमात्र सहारा था।

वह अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और पत्नी को छोड़ गया है। इस हादसे ने वृद्ध माता-पिता के बुढ़ापे की लाठी छीन ली और मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हटा दिया।


पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। परिजनों के रायपुर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंपा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button