छत्तीसगढ़

केशकाल कॉलेज में परीक्षा के दौरान बड़ा हादसा टला : शॉर्ट सर्किट से लगी आग, परिसर में मची अफरा-तफरी

Advertisement

केशकाल। कोंडागांव जिले के केशकाल स्थित महेश बघेल शासकीय महाविद्यालय में शनिवार सुबह उस वक्त एक बड़ा हादसा टल गया, जब परीक्षा के दौरान कॉलेज भवन में अचानक भीषण आग लग गई। आगजनी की इस घटना से पूरे कॉलेज परिसर में अफरातफरी और दहशत का माहौल निर्मित हो गया। हालांकि, मुस्तैद प्रशासनिक अमले और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी होने से बच गई।

परीक्षा हॉल में मची अफरातफरी

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 10 बजे कॉलेज के परीक्षा हॉल में परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। इसी दौरान अचानक प्राचार्य कक्ष में प्राचार्य की टेबल के पास लगे बिजली बोर्ड में शार्ट सर्किट हुआ। शार्ट सर्किट इतना तीव्र था कि कॉलेज के अन्य कमरों में भी एक के बाद एक धमाके की आवाजें सुनाई देने लगीं। कमरों से धुआं और चिंगारियां उठती देख परीक्षा दे रहे छात्रों और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया और सभी सुरक्षित बाहर की ओर भागे।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना के वक्त कॉलेज के प्राचार्य सोनवानी जी परिसर में मौजूद नहीं थे। कॉलेज स्टाफ ने तत्काल दूरभाष के माध्यम से उन्हें हादसे की जानकारी दी। प्राचार्य ने बिना समय गंवाए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ ही समय में लपटों पर पूरी तरह काबू पा लिया।

सामान जला, सुरक्षित रहे परीक्षार्थी

अग्निकांड की वजह से प्राचार्य कक्ष में रखीं कुर्सियां, टेबल, कंप्यूटर, प्रिंटर और कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। प्राचार्य सोनवानी ने बताया कि स्टाफ की सतर्कता और पुलिस-प्रशासन के त्वरित सहयोग से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया, वरना नुकसान काफी बड़ा हो सकता था। फिलहाल, कॉलेज प्रबंधन द्वारा आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है और सुरक्षा के लिहाज से बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button