राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर दर्दनाक सड़क हादसा, मां दंतेश्वरी दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंदा

जगदलपुर । राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मंगलवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दहिकोंगा कोल्ड स्टोरेज के पास श्रद्धालुओं का एक जत्था मां दंतेश्वरी के दर्शन हेतु पैदल जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने युवाओं को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कांटागांव निवासी महादई नेताम के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं सदबती मंडावी और ललिता मरकाम गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि ललिता मरकाम की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।












