छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर नवा रायपुर का आकाश गूंजेगा भारतीय वायुसेना के शौर्य से

रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के साहस और कौशल का साक्षी बनेगा। 5 नवम्बर को भारतीय वायुसेना की विश्वविख्यात सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) अपने शानदार हवाई करतबों से प्रदेशवासियों को रोमांचित करेगी। यह एरो शो राज्य के रजत जयंती समारोह का मुख्य आकर्षण रहेगा।
आकाश में दिखेगा भारतीय पराक्रम का नजारा
राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित यह विशेष शो छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, प्रगति और आत्मविश्वास का प्रतीक बनेगा। नवा रायपुर के आकाश में जब सूर्यकिरण टीम अपने नौ विमानों के साथ ‘बॉम्ब बर्स्ट’, ‘हार्ट-इन-द-स्काई’ और ‘एरोहेड’ जैसी रोमांचक फॉर्मेशन्स बनाएगी, तब पूरा आसमान देशभक्ति और गर्व की भावना से गूंज उठेगा। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ शासन और भारतीय वायुसेना के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किया जा रहा है, जिसकी तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं।
जनसहभागिता से सजेगा रजत जयंती का उत्सव
5 नवम्बर को आयोजित इस ऐतिहासिक अवसर पर रायपुर सहित आसपास के जिलों से हजारों नागरिक, विद्यार्थी और परिवारजन नवा रायपुर पहुँचेंगे। सूर्यकिरण टीम का यह शो केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायुसेना के अनुशासन, साहस और सटीकता का जीवंत उदाहरण होगा। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की जनसहभागिता, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनेगा।
सूर्यकिरण टीम की गौरवशाली यात्रा
वर्ष 1996 में गठित सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम भारतीय वायुसेना की तकनीकी दक्षता और पराक्रम का प्रतीक है। यह एशिया की एकमात्र नौ-विमान वाली एरोबैटिक डिस्प्ले टीम है, जो अपने करतबों के दौरान मात्र पाँच मीटर की दूरी पर उड़ान भरती है। टीम ने शुरुआत HJT-16 Kiran Mk-II विमानों से की थी और वर्ष 2015 में स्वदेशी HAL Hawk Mk-132 विमानों के साथ नई ऊँचाइयाँ हासिल कीं।
अब तक टीम भारत और विदेशों में 700 से अधिक शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। सिंगापुर, दुबई, श्रीलंका, ब्रिटेन और थाईलैंड जैसे देशों में सूर्यकिरण टीम ने भारत की तकनीकी क्षमता और अनुशासन का परचम लहराया है। वर्ष 2023 में इस टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्रिकेट विश्वकप के दौरान शानदार प्रदर्शन कर दुनिया का ध्यान आकर्षित किया था।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है कि भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम हमारे रजत जयंती समारोह का हिस्सा बनेगी। यह कार्यक्रम राज्य के आत्मविश्वास, विकास और राष्ट्रीय गौरव की उड़ान का प्रतीक है। मैं प्रदेशवासियों से आग्रह करता हूँ कि वे इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें और हमारे वीर वायुसैनिकों के साहस को सलाम करें।”
5 नवम्बर को नवा रायपुर का आसमान जब सूर्यकिरण टीम की गर्जनाओं से गूंजेगा, तब हर छत्तीसगढ़वासी के मन में देशभक्ति और गर्व की भावना नई उड़ान भरेगी।






