रायगढ़ में तेज बारिश से शहर जलमग्न – घरों में घुसा पानी, अंडरग्राउंड पुल बंद, निगम की टीमें जुटीं

रायगढ़, बुधवार रात से रायगढ़ में तेज बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। गरज के साथ हुई तेज वर्षा के कारण कई मोहल्ले जलमग्न हो गए और लोगों के घरों तक पानी पहुंच गया। शहर के अंडरग्राउंड पुलों में नाले का पानी भर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। रातभर हुई बारिश से गुरुवार सुबह तक कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई।
कई मोहल्लों में घरों तक घुसा पानी
केलो विहार रोड, मां विहार, छोटे अतरमुड़ा, विनोबा नगर, मोदी नगर, गुजराती पारा, पैठू डबरी और रामनिवास टॉकीज रोड जैसे क्षेत्रों में बारिश का पानी घरों में घुस गया। खासकर मोदी नगर में स्थिति चिंताजनक रही, जहां हर साल की तरह इस बार भी घरों के अंदर घुटनों तक पानी भर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई परेशानी
मोदी नगर की प्रतिमा शर्मा ने बताया कि उनके घर में सुबह से ही घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया था, जिससे परिवार में डर का माहौल बन गया। वहीं रेखा अग्रवाल ने बताया कि कॉलोनी में 5-6 घंटे तक पानी भरा रहा, जिससे अलमारी सहित घर का अन्य सामान भी खराब हो गया। उन्होंने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर साल यही स्थिति होती है, लेकिन पीछे की नालियों की ठीक से सफाई नहीं होती।
अंडरग्राउंड पुलों में भी भरा पानी
मौदहापारा क्षेत्र के रेलवे अंडरग्राउंड पुल में नाले का पानी भरने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। लोग जोखिम भरे रास्ते पर जाने से बचते नजर आए। दोपहर 12 बजे के बाद बारिश थमने पर जलस्तर में थोड़ी गिरावट आई, जिससे लोगों को राहत मिली।
निगम की टीम कर रही राहत कार्य
नगर निगम उपायुक्त सुतीक्षण यादव ने बताया कि पहले ही सभी वार्डों में नालियों की सफाई कराई गई थी, लेकिन अत्यधिक बारिश के कारण 4-5 वार्ड प्रभावित हुए हैं। निगम की टीमें जल निकासी में लगी हुई हैं। मोदी नगर में भी राहत कार्य जारी है।
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने जानकारी दी कि जलभराव की समस्या से निपटने के लिए निगम के 200 से अधिक कर्मचारियों को टीमों में बांटकर लगाया गया है। जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से प्रभावित क्षेत्रों में पानी निकासी का काम तेजी से किया जा रहा है। वार्ड 19, 21, 22 और भगवानपुर समेत अन्य इलाकों में विशेष रूप से फोकस किया जा रहा है।
आपदा से निपटने नोडल अधिकारी नियुक्त
जिला प्रशासन ने मानसून के मद्देनज़र राहत एवं आपदा प्रबंधन के लिए डिप्टी कलेक्टर रेखा चंद्रा को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है, जो आपात स्थिति में त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करेंगे।