घर में सोते समय सांप ने काटा – पिता-पुत्र की मौत, महिला गंभीर

कोरबा । दर्री थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों को जहरीले सांप ने काट लिया। इस घटना में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में चल रहा है।
घटना शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे इंदिरा नगर जमनीपाली की बताई जा रही है। यहां निवासरत चूड़ामणि भारद्वाज (52 वर्ष), उनकी पत्नी रजनी भारद्वाज (45 वर्ष) और पुत्र प्रिंस भारद्वाज (10 वर्ष) घर में एक ही जगह पर सो रहे थे। इसी दौरान जहरीला सांप कमरे में घुस आया और तीनों को काट लिया।
पत्नी रजनी भारद्वाज की आंख खुली और उसने सांप को देख लिया, लेकिन तब तक वह भी उसके डंस का शिकार हो चुकी थी। किसी तरह उसने हिम्मत जुटाकर घटना की जानकारी अपने देवर को दी। इसके बाद सभी को तत्काल रात में ही उपचार के लिए जमनीपाली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
यहाँ अस्पताल का गेट खुलवाने में ही आधे घंटे का समय लग गया। कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध नहीं है और परिजनों को पीड़ितों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
इस बीच तीनों की हालत काफी बिगड़ गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने चूड़ामणि भारद्वाज और उनके पुत्र प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रजनी भारद्वाज की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में जारी है।












