भाटापारा में जेल से निकले आरोपियों का ‘दबंगई शो’ पड़ा भारी: वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने दबोचा, 9 आरोपी हिरासत में

जमानत पर रिहाई के बाद फूल-मालाओं और काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने की कार्रवाई
भाटापारा (बलौदाबाजार)। जिले के भाटापारा क्षेत्र में जेल से जमानत पर रिहा हुए आरोपियों का फिल्मी अंदाज में किया गया स्वागत और शक्ति प्रदर्शन अब उनके लिए ही भारी पड़ गया। रिहाई के बाद फूल-मालाओं से स्वागत, बाइक-कार काफिला और सड़कों पर नारेबाजी का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
जेल से निकलते ही ‘विजेता जैसा स्वागत’, निकाली गई रैली
जानकारी के अनुसार, जमानत पर रिहा हुए 9 आरोपियों का उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। फूल-मालाओं से लादकर कार और बाइक रैली निकाली गई और सड़कों पर काफिला दौड़ाया गया। इस दौरान खुलेआम शक्ति प्रदर्शन किया गया, जिससे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, पुलिस तक पहुंचा मामला
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड कर दबंगई और शक्ति प्रदर्शन दिखाया। वीडियो में लोगों के साथ बदसलूकी और हुड़दंगबाजी के दृश्य भी सामने आए। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा।
एसपी के निर्देश पर भाटापारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
एसपी ओपी शर्मा के निर्देश पर भाटापारा पुलिस तुरंत हरकत में आई। जिस काफिले के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा था, उसी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
9 आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, वाहन भी जब्त
पुलिस ने बताया कि आम जनता में भय और असामाजिक माहौल पैदा करने, हुड़दंग करने और सोशल मीडिया के जरिए दबाव व खौफ फैलाने के आरोप में सभी 9 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। साथ ही इस घटना में इस्तेमाल वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का संदेश: कानून से ऊपर कोई नहीं
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि रील या सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाना कानून से ऊपर नहीं है। भाटापारा में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है और इलाके में सख्त संदेश गया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी।







