जन्माष्टमी की भीड़ में अष्टभुजी मंदिर में चोरी, पुलिस जांच में जुटी

रायगढ़। शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पॉश कॉलोनियों के बाद अब चोरों ने मंदिरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। श्याम मंदिर में हुई चोरी के बाद अब कोतरा रोड स्थित अष्टभुजी माता मंदिर में भी दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार भारत माता चौक स्थित इस मंदिर में जन्माष्टमी पर्व पर भारी भीड़भाड़ रही, इसके बावजूद अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सड़कों पर आवाजाही अधिक होने के बावजूद चोरों ने न केवल मंदिर की दान पेटी बल्कि अन्य सामान भी पार कर दिया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कुल कितनी और किस-किस वस्तु की चोरी हुई है। मंदिर प्रबंधन ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। जांच के बाद ही विस्तृत रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश तेज कर दी गई है।












