रायगढ़ : चोरी की स्कूटी बेचने की कोशिश कर रहा फरार अपराधी गिरफ्तार, स्थायी वारंट भी था जारी

रायगढ़। रायगढ़ जिले की कापू पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की स्कूटी बेचने की फिराक में घूम रहे एक शातिर चोर को धर दबोचा। जांच में खुलासा हुआ कि यह वही फरार आरोपी है, जिसके खिलाफ न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी था और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा आरोपी
कापू थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि कदमचौक इलाके में एक संदिग्ध युवक चोरी की स्कूटी बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर तुरंत पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
इस दौरान आरोपी को जुपिटर स्कूटी (क्रमांक CG 13 BE 9161) के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने 27 अगस्त की रात वन विभाग परिसर के पास मुख्य सड़क से स्कूटी चोरी की थी। इस पर कापू थाने में अपराध क्रमांक 144/2025 धारा 303(2) BNSS के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने चोरी की स्कूटी को जब्त कर लिया है।
आरोपी की आपराधिक हिस्ट्री खंगालने पर बड़ा खुलासा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेंद्र उर्फ राजा उर्फ छोटू डनसेना (33 वर्ष) पिता स्व. नानसाय डनसेना, निवासी ग्राम कुमरता के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड से पता चला कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 में भी धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 102/2020 दर्ज है।
इसके अलावा माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था, जिसकी वजह से वह लंबे समय से फरार चल रहा था।






