बिलासपुर : डैम से बरामद हुआ 17 वर्षीय नाबालिगा का शव, पुलिस कर रही जांच

बिलासपुर ज़िले के झंडूता उपमंडल के अंतर्गत बड़गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब बैंकूघाट गलू क्षेत्र के पास स्थित एक डैम से 17 वर्षीय नाबालिगा मनीषा का शव बरामद हुआ।
मनीषा, जो कि कक्षा 12वीं की छात्रा थी, 28 जुलाई को अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। उस वक्त उसकी दो बहनें खेत में चारा लेने गई थीं और मां मायके में थीं। काफी खोजबीन के बाद जब मनीषा का कुछ पता नहीं चला, तो उसके पिता कुलदीप ने तलाई थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85/25 व 137(2) के तहत केस दर्ज कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान 30 जुलाई को तलाई पुलिस को सूचना मिली कि बैंकूघाट के पास एक डैम में एक युवती का शव देखा गया है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव की पहचान मनीषा के रूप में की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिलासपुर भेजा गया है। डीएसपी मनीष चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर शोक और आशंका का माहौल है। मनीषा की मौत के कारणों को जानने के लिए पुलिस अब हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।












