पूंजीपथरा हादसा : सड़क पर खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, 58 वर्षीय ग्रामीण की मौके पर मौत

पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 58 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। सामारूमा निवासी मुकुंद यादव अपनी बाइक से किसी काम से अमलीडीह गए थे और शाम करीब 6 बजे घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार रास्ते में एक ट्रेलर वाहन ब्रेकडाउन होने के बाद बिना किसी संकेतक और अव्यवस्थित तरीके से सड़क पर खड़ा था। कम रोशनी के कारण मुकुंद यादव ट्रेलर को नहीं देख पाए और उनकी बाइक तेज रफ्तार में सीधे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्हें सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और पुलिस को जानकारी दी। डायल 112 की टीम तुरंत पहुंची और शव को घरघोड़ा अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवायी। इस बीच पूंजीपथरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर चालक और वाहन मालिक की जवाबदेही की भी जांच की जा रही है।












