छत्तीसगढ़
Bilaspur News : कोपरा जलाशय को मिली रामसर साइट की मान्यता, मछली पकड़ने पर प्रतिबंध, पक्षी विहार के रूप में बढ़ी अंतरराष्ट्रीय पहचान

बिलासपुर में रामसर साइट घोषित होने के बाद कोपरा जलाशय में मछली मारने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर मछलीपालन विभाग द्वारा इस आशय के आदेश जारी किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित कोपरा जलाशय को रामसर साइट घोषित किए जाने के बाद अब यहां मछली मारने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर मछलीपालन विभाग ने इस आशय का आदेश जारी किया है। यह कदम जलाशय की पारिस्थितिकीय महत्ता को बनाए रखने और यहां आने वाले देशी-विदेशी पक्षियों को सुरक्षित आश्रय प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
हाल ही में राज्य सरकार के प्रस्ताव पर केंद्रीय सरकार द्वारा बिलासपुर शहर के निकट स्थित कोपरा जलाशय को रामसर साइट का दर्जा प्रदान किया गया है। रामसर साइटें आर्द्रभूमि (wetlands) के संरक्षण और सतत उपयोग को बढ़ावा देने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचानी जाती हैं। कोपरा जलाशय बड़ी संख्या में प्रवासी और स्थानीय पक्षियों के लिए एक महत्वपूर्ण बसेरा है। विशेष रूप से शीतकाल के दौरान, यह जलाशय पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों के लिए एक लुभावना दृश्य प्रस्तुत करता है।












