सड़क सुरक्षा माह–2026: विद्यालयों व महाविद्यालयों में यातायात जागरूकता अभियान, आमजन को नियमों के पालन की अपील

बस्तर | 37वें सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक बस्तर श्री शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन में जिलेभर में व्यापक यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।
यातायात शाखा द्वारा विभिन्न टीमों का गठन कर महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में जाकर प्रोजेक्टर, व्याख्यान, चित्रों एवं लघु फिल्मों के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही हाट-बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर बैनर, पोस्टर और फ्लैक्स लगाकर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान यातायात से संबंधित लघु फिल्मों, चित्रों और पोस्टरों का प्रदर्शन कर सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री संतोष कुमार जैन एवं यातायात प्रभारी श्री मधुसूदन सिंह नाग के निर्देशन में सउनि राजकुमार आडिल, सउनि सुदर्शन दुबे, सउनि प्रवीण कुमार जोशी, सउनि यतेन्द्र देवांगन, सउनि अनिल कुमार कुलदीप एवं सउनि सुखदेव बघेल सहित यातायात टीम ने कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली जनहानि को कम करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं की तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए।












