UPSC 2025 में छत्तीसगढ़ के युवाओं का कमाल: मुख्यमंत्री ने दी बधाई, कहा—प्रदेश के लिए गौरव का क्षण

देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा के परिणाम घोषित, 958 अभ्यर्थियों में छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली युवाओं ने भी लहराया परचम
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित UPSC Civil Services Examination 2025 के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस साल देशभर से 958 अभ्यर्थियों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है। इनमें छत्तीसगढ़ के कई होनहार युवाओं ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है।
राज्य के इन सफल अभ्यर्थियों की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें बधाई देते हुए इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दी बधाई, कहा—प्रदेश के युवाओं ने बढ़ाया सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में लिखा कि सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ के सभी अभ्यर्थियों को उनकी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के होनहार युवा वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल, डायमंड सिंह ध्रुव, रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
सफलता को बताया प्रेरणा का स्रोत, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन युवाओं की उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के लाखों युवाओं के सपनों को नई ऊर्जा देने वाली प्रेरणा भी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि ये सभी युवा भविष्य में जनसेवा के माध्यम से देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
रायपुर की वैभवी अग्रवाल ने हासिल किया 35वां रैंक, IAS बनने की मजबूत संभावना
राजधानी रायपुर की 24 वर्षीय वैभवी अग्रवाल ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया 35वां स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। वैभवी रायपुर में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थीं और अपने दूसरे प्रयास में ही यह बड़ी सफलता हासिल की।
उनकी शानदार रैंकिंग को देखते हुए उन्हें IAS सेवा मिलने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
रौनक अग्रवाल ने भी किया प्रदेश का नाम रोशन, कलेक्टर ने दी बधाई
इसी तरह रायपुर के ही रौनक अग्रवाल ने 772वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि पर रायपुर के कलेक्टर गौरव सिंह ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रदेश के इन युवाओं की सफलता से छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है, वहीं यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।






