
अपराध की संभावनाओं को पहले ही खत्म करने की रणनीति, व्यापारियों के साथ समन्वय पर जोर
रायगढ़, 23 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ में एडिशनल एसपी अनिल सोनी ने शहर के सराफा व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का उद्देश्य सराफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संभावित अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना था। एडिशनल एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस का लक्ष्य केवल घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि प्रभावी सुरक्षा उपायों से अपराध की संभावना को पहले ही समाप्त करना है।
सीसीटीवी रिकॉर्डिंग अनिवार्य, कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूरी
बैठक में एडिशनल एसपी ने बताया कि कई दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद रिकॉर्डिंग नहीं हो रही है, जो गंभीर लापरवाही है। सभी दुकानों के भीतर और बाहर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाकर नियमित रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम, थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क नंबर दुकान में प्रदर्शित करने, चेहरा ढककर आने वाले ग्राहकों से शालीनतापूर्वक चेहरा दिखाने का अनुरोध करने और कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। निजी सुरक्षा गार्ड रखने वाले प्रतिष्ठानों से संबंधित एजेंसी की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा गया।

बिना बिल के जेवर बेचने वालों और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना दें
एडिशनल एसपी ने व्यापारियों से अपील की कि बिना बिल के जेवर बेचने आने वाले व्यक्तियों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि समय पर मिली सूचना से अपराधों की रोकथाम संभव है। दुकानों में अग्निशमन उपकरण रखने, कर्मचारियों को उसका प्रशिक्षण देने और फायर ब्रिगेड का संपर्क नंबर उपलब्ध रखने की भी सलाह दी गई। सराफा क्षेत्र में आपसी समन्वय से निजी सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था करने का सुझाव भी दिया गया।
जेवर लाने-ले जाने में बरतें विशेष सावधानी, तय समय और मार्ग से बचें
बैठक में यह भी बताया गया कि कुछ व्यापारी घर से प्रतिष्ठान तक जेवर लाते-ले जाते हैं। ऐसे में विशेष सतर्कता बरतने, एक ही समय और एक ही मार्ग का नियमित उपयोग न करने की सलाह दी गई। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने पर जोर दिया गया।
पूर्व कर्मचारियों की जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध कराएं
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल ने व्यापारियों को सलाह दी कि पूर्व में कार्य कर चुके कर्मचारियों की जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध कराएं, जिससे उनका बैकग्राउंड सत्यापन किया जा सके। व्यापारियों ने पेट्रोलिंग बढ़ाने, चौक-चौराहों के सीसीटीवी कैमरों में सुधार और तेज रफ्तार बाइक चालकों पर कार्रवाई की मांग रखी। इस पर एडिशनल एसपी ने बताया कि शहर के कैमरों का सर्वे कराया जा रहा है और सुधार की प्रक्रिया जारी है, वहीं संदिग्ध एवं तेज रफ्तार वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षित व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने संदेश दिया कि रायगढ़ पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ कर अपराध की संभावनाओं को समाप्त करना प्राथमिकता है और व्यापारियों के सहयोग से सुरक्षित व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सुंदर गर्ग, सचिव राहुल सोनी सहित अन्य पदाधिकारी और शहर के सराफा व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने पुलिस पहल की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।






