रायगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: सगाई समारोह से लौट रही पिकअप खाई में गिरी, चार की मौत

रायगढ़, 26 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। कापू थाना क्षेत्र के मड़वाताल–जमरगा मार्ग पर सगाई समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है।
फलदान कार्यक्रम से लौट रहे थे ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक, बंगरसुता गांव के ग्रामीण गोसाईपोड़ी गांव में आयोजित फलदान कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रणविजय राठिया के घर सगाई समारोह संपन्न होने के बाद सभी लोग पिकअप वाहन से अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में पलट गया।
प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
दो घायलों की मौत धर्मजयगढ़ अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
दो अन्य घायलों ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने पुष्टि की कि हादसे में कुल चार लोगों की मृत्यु हुई है और कई लोग घायल हैं। गंभीर घायलों का उपचार जारी है।
चालक फरार, जांच जारी
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।






