छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ में होली पर सख्त पहरा — ड्रोन कैमरों की निगरानी, 48 घंटे तक पुलिस का कड़ा अलर्ट और हुड़दंगियों पर जीरो टॉलरेंस

Advertisement

एसएसपी की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी

रायगढ़, 3 मार्च। होली पर्व के मद्देनजर रायगढ़ पुलिस ने जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम लागू कर दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस कार्यालय से सभी थाना और चौकी प्रभारियों की वर्चुअल बैठक लेकर होली ड्यूटी की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई की जाए और रिस्पांस टाइम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।


शहर और देहात में 400 पुलिस अधिकारी-जवान तैनात, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी

होली के दौरान जिले में उपलब्ध पुलिस बल के साथ अतिरिक्त बल को मिलाकर लगभग 400 अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। देहात थाना क्षेत्रों में संचार व्यवस्था को मजबूत किया गया है और समीपस्थ थानों को निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित हो सके।


16 चेकिंग पॉइंट, दर्जनों फिक्स पिकेट और ब्रीथ एनालाइजर से सख्त जांच

कोतवाली, चक्रधरनगर, जूटमिल और कोतरारोड़ सहित प्रमुख थाना क्षेत्रों में 16 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। यातायात पुलिस द्वारा ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। तेज रफ्तार और स्टंट करने वाले बाइकर्स पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।


पांच ड्रोन, 27 पेट्रोलिंग यूनिट और कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग

संवेदनशील इलाकों में पांच ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। शहर में 27 पेट्रोलिंग यूनिट्स की लाइव लोकेशन ट्रैक की जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष मॉनिटरिंग रूम स्थापित किया गया है, जहां से ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे और फील्ड टीमों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।


सादी वर्दी में तैनात महिला-पुरुष जवान, सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर

महिला थाना और साइबर टीम को सादी वर्दी में तैनात किया गया है, ताकि छेड़छाड़, जबरन रंग लगाने या हुड़दंग की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक होने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


नदी, डेम और पार्कों में प्रतिबंध, सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध

होली के दिन नदी, डेम और वाटर एरिया में जाने पर रोक रहेगी। प्रशिक्षित गोताखोरों और फायर ब्रिगेड को अलर्ट मोड पर रखा गया है। शहर के गार्डन बंद रहेंगे और आउटर क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी।


एसएसपी का दो टूक संदेश — कानून तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी रियायत

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, नशे में वाहन चलाना, छेड़छाड़ या शांति भंग करने की कोशिश बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि त्योहार की आड़ में कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उनकी होली जेल में भी मन सकती है।

 

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button