विधानसभा चुनाव 2026: असम, केरल और पुद्दुचेरी में शांतिपूर्ण मतदान, कई जिलों में रिकॉर्ड वोटिंग

नई दिल्ली। असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। तीनों क्षेत्रों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कई जिलों में रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया।
असम में 85% से ज्यादा वोटिंग, एक जिले में 95% पार
असम की 126 विधानसभा सीटों पर हुए मतदान में कुल 85.4 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। दक्षिण सालमारा-मनकाचर जिले में सबसे अधिक 95.17 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पूरे राज्य में सबसे ज्यादा रहा।
केरल में भी दिखा उत्साह, 78% से ज्यादा मतदान
केरल की 140 सीटों पर 78.05 प्रतिशत मतदान हुआ। कोझिकोड जिले में सबसे अधिक 80.89 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे ऊंचा आंकड़ा रहा।
पुद्दुचेरी में करीब 90% मतदान, मजबूत लोकतांत्रिक भागीदारी
पुद्दुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए 89.83 प्रतिशत मतदान हुआ। यह आंकड़ा केंद्र शासित प्रदेश के लिए काफी अहम और उत्साहजनक माना जा रहा है।
उपचुनावों में भी दिखी सक्रियता
अन्य राज्यों में हुए उपचुनावों में भी मतदाताओं की भागीदारी अच्छी रही। कर्नाटक के बागलकोट में 68.70 प्रतिशत और दक्षिण दावनगेरे में 68.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नागालैंड के मोकोकचुंग जिले के कोरिडांग क्षेत्र में 82.21 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि त्रिपुरा की धर्मनगर सीट पर 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
अब मतगणना पर नजर, 4 तारीख को आएंगे नतीजे
अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं। असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुद्दुचेरी के चुनाव परिणाम अगले महीने 4 तारीख को घोषित किए जाएंगे।






