रायगढ़ में विकास कार्यों की रफ्तार पर नजर: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने 9 प्रमुख परियोजनाओं का किया निरीक्षण

रायगढ़। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने शनिवार को जिले के प्रवास के दौरान शहर में संचालित करोड़ों रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने रायगढ़ को उसकी सांस्कृतिक पहचान के साथ आधुनिक और विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए चल रही 9 प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री चौधरी ने दूध डेयरी क्षेत्र में विकसित हो रहे ऑक्सी-जोन, हाईटेक नालंदा लाइब्रेरी, रायगढ़ स्टेडियम में राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत बन रहे स्विमिंग पूल एवं खेल अधोसंरचना, पहाड़ मंदिर के सौंदर्यीकरण, एसईसीएल द्वारा विकसित मरीन ड्राइव, कायाघाट पुल, स्टॉप डेम (सिंचाई), एफसीआई ऑक्सी-जोन तथा फटहामुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि रायगढ़ अपनी मूल पहचान को बनाए रखते हुए तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इन परियोजनाओं से शहर में व्यापक सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।
एनीकट निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
वित्त मंत्री ने शहर की जल उपलब्धता और सौंदर्य बढ़ाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन एनीकट का भी निरीक्षण किया। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता होमेश नायक ने बताया कि कुल लंबाई में से लगभग 50 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष कार्य 15 जून तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस पर मंत्री चौधरी ने संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए कार्य को 15 मई तक पूरा करने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने जेलपारा एनीकट के जीर्णोद्धार एवं खर्राघाट बैराज निर्माण से संबंधित टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
केलो रिवर फ्रंट बनेगा नया आकर्षण केंद्र
मंत्री चौधरी ने एसईसीएल की सीएसआर योजना के तहत पुराने जिंदल पुल से कायाघाट पुल तक विकसित हो रहे केलो रिवर फ्रंट परियोजना का भी निरीक्षण किया। लगभग 28.26 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के तहत नदी तट का सौंदर्यीकरण, छठ घाट का विकास, सड़क निर्माण, कियोस्क, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, पार्किंग एवं आकर्षक वॉकिंग पाथवे विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्ण होने के बाद रायगढ़ का प्रमुख पर्यटन स्थल बनेगी और शहर की पहचान को नई ऊंचाई देगी।
नियमित समीक्षा से कार्यों में बनी रहेगी गुणवत्ता
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ को पूर्ण विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए स्वीकृत इन परियोजनाओं की प्रगति की वित्त मंत्री द्वारा समय-समय पर स्वयं समीक्षा की जा रही है, ताकि कार्यों में गुणवत्ता और गति बनी रहे।






