रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर महा टिकट चेकिंग अभियान, 440 यात्री बिना टिकट पकड़े गए

ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच रेलवे ने चलाया सघन टिकट जांच अभियान
गर्मी की छुट्टियों और शादी सीजन के चलते ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए रेलवे विभाग ने रायगढ़ स्टेशन पर महा टिकट चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। रेलवे अधिकारियों ने एक ही दिन में 440 मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 46 हजार 231 रुपये का जुर्माना वसूला।
इन दिनों अधिकांश यात्री ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जा रही है। हालात ऐसे हैं कि कई ट्रेनों में यात्रियों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही। इसी भीड़ का फायदा उठाकर कई यात्री बिना टिकट सफर कर रहे हैं, जिससे रेलवे को राजस्व नुकसान होने के साथ नियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्टेशन के लगभग सभी गेटों पर तैनात रही टीटीई और आरपीएफ की टीम
रेलवे विभाग द्वारा मंगलवार को रायगढ़ स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय अधिकारियों के साथ बाहर से भी बड़ी संख्या में टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) बुलाए गए थे।
स्टेशन से बाहर निकलने वाले लगभग सभी गेटों पर टीमें तैनात रहीं और 18 यात्री ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कई यात्री रेलवे लाइन के रास्ते भागने की कोशिश करते भी नजर आए, लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें रोककर टिकट जांच की।
बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना बुक सामान के मामलों में वसूला गया जुर्माना
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अभियान में कुल 440 मामले सामने आए। इनमें बिना टिकट यात्रा के 294 मामलों से 1 लाख 90 हजार 16 रुपये, अनियमित टिकट के 111 मामलों से 52 हजार 715 रुपये, बिना बुक किए गए सामान के 30 मामलों से 3 हजार रुपये और गंदगी फैलाने के 5 मामलों से 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार चलाए जाएंगे।
यात्रियों ने भी लगातार अभियान चलाने की मांग उठाई
यात्रियों का कहना है कि भारी भीड़ के कारण जिन लोगों ने महीनों पहले टिकट बुक कराया है, उन्हें भी अपनी सीट पर बैठने तक की जगह नहीं मिल रही है। ऐसे में लगातार टिकट जांच अभियान चलने से काफी राहत मिल सकती है।
यात्रियों ने यह भी कहा कि स्टेशन के साथ-साथ यात्रा के दौरान ट्रेनों में भी नियमित जांच अभियान चलाया जाए, ताकि बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक के नेतृत्व में चला अभियान
टिकट चेकिंग महा अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक डीएस चौहान के नेतृत्व में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम सुबह से देर शाम तक कार्रवाई में जुटी रही।






