संबलपुरी स्कूल में घुसा कोयले से लदा बेकाबू ट्रक, बड़ा हादसा टला

सरकारी स्कूल का मेनगेट तोड़कर भीतर घुसा ट्रक, पेड़ से टकराकर पलटा
रायगढ़ जिले के पूर्वांचल क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ग्राम संबलपुरी में कोयले से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मुख्य द्वार को तोड़ते हुए परिसर में घुस गया और पेड़ से टकराकर पलट गया।
गनीमत रही कि हादसे के समय स्कूल खुला नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। यदि घटना स्कूल समय में होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
तेज रफ्तार के कारण चालक खो बैठा नियंत्रण
जानकारी के अनुसार गुरुवार तड़के करीब 6 बजे ट्रक क्रमांक ओडी 16 बी 9985 कोयला परिवहन करते हुए संबलपुरी मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। चालक स्टेयरिंग संभाल नहीं पाया और ट्रक सीधे स्कूल के मेनगेट को तोड़ते हुए परिसर में घुस गया। इसके बाद वाहन पेड़ से टकराकर पलट गया।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे, एक व्यक्ति की जा चुकी है जान
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबलपुरी स्कूल के पास यह पहला हादसा नहीं है। क्षेत्र में लगातार कोयला परिवहन होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है और तेज रफ्तार वाहनों से दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी एक ट्रक स्कूल के मुख्य द्वार को तोड़ते हुए हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
स्कूल प्रबंधन और सरपंच ने उठाई सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए शाला प्रबंधन और ग्राम सरपंच ने नजदीकी चक्रधर नगर थाना में सूचना देकर स्कूल मोड़ के पास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, चेतावनी संकेत लगाने और संवेदनशील मोड़ों पर निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता बताई है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।






