CG ASI Son Death: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रास्ता देने को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। यातायात पुलिस में पदस्थ ASI रामनारायण रात्रे के बेटे चंद्रमणि रात्रे की रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना 7 जून की है, जब बोलेरो सवार युवकों ने विवाद के दौरान चंद्रमणि को वाहन से कुचल दिया था। छह दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने दम तोड़ दिया। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
रास्ता देने को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पंतोरा निवासी 24 वर्षीय चंद्रमणि रात्रे 7 जून की रात अपने दोस्तों के साथ कोरबा के बुधवारी बाइपास मार्ग पर था। इसी दौरान बोलेरो सवार कुछ युवकों से रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
कार से उतरते ही चढ़ा दी बोलेरो
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान जैसे ही चंद्रमणि कार से नीचे उतरा, बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार में वाहन उसकी ओर बढ़ा दिया। बोलेरो की टक्कर से चंद्रमणि गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में भी कैद हुई है।
पीछा करने पर साथियों को भी बनाया निशाना
घटना के बाद चंद्रमणि के दोस्त अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर आरोपियों का पीछा करने निकले। आरोप है कि हमलावरों ने अरविंद को पकड़कर जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के बाद उसे मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंक दिया गया।
नकदी, iPhone और सोने के जेवर लूटे
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने अरविंद के पास मौजूद करीब एक लाख रुपए नकद, आईफोन, सोने की अंगूठी और सोने की चेन भी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने मामले से जुड़ी कार लावारिस हालत में बरामद की थी।
6 दिन बाद जिंदगी की जंग हारा चंद्रमणि
घटना में घायल चंद्रमणि और अरविंद को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार चंद्रमणि की हालत बेहद गंभीर थी। रायपुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं अरविंद का इलाज अभी भी जारी है। चंद्रमणि की मौत के बाद परिवार और परिचितों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
एक नाबालिग समेत 2 आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग शामिल है। मुख्य आरोपी की पहचान कटघोरा निवासी कपिल कुमार सारथी के रूप में हुई है। पुलिस हत्या, अपहरण, मारपीट और लूट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामले की जांच कर रही है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।