Uncategorised

रायगढ़ नगरीय निकाय कर्मचारियों की प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित, सचिव से वार्ता के बाद बनी सहमति

Advertisement

रायगढ़। नगरीय निकाय कर्मचारियों द्वारा 13 जुलाई से शुरू होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी नगरीय निकाय कल्याण संघ और नगरीय प्रशासन विभाग के बीच हुई सकारात्मक वार्ता के बाद लिया गया।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि नगरीय प्रशासन सचिव आर. संगीता के साथ हुई बैठक में लंबित 5 सूत्री मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। वार्ता के दौरान दो प्रमुख मांगों—प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने और एनपीएस व जीपीएफ की कटौती राशि को कर्मचारियों के खातों में जमा करने—पर सहमति बनी।

इसके अलावा नियमित एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों के 3 से 4 माह से लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान करने पर भी सहमति बनी है। शेष मांगों में नया सेटअप तैयार कर पदोन्नति, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, सातवें वेतनमान के एरियर्स का भुगतान तथा लंबित अनुकंपा नियुक्तियों जैसे मुद्दे शामिल हैं।

संघ पदाधिकारियों के अनुसार इन मांगों पर तीन माह के भीतर नीतिगत स्तर पर समाधान का आश्वासन दिया गया है। प्रदेश नेतृत्व ने बताया कि संबंधित फाइलें निदेशालय स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रही हैं और जल्द ही सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।

वार्ता के बाद कोर कमेटी की बैठक में हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया गया। हालांकि संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो आगे की रणनीति पर पुनर्विचार किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी, उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी, महिला उपाध्यक्ष शिल्पा मेश्राम, सह कोषाध्यक्ष माहितोष शर्मा तथा प्रदेश महामंत्री सुभाष सोनकर सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button