मेडिकल स्टोर चोरी का खुलासा : 24 घंटे के भीतर दो अपचारी बालक हिरासत में, चोरी की रकम बरामद

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने (medical store chori) के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की रकम भी बरामद कर ली है। दोनों को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद किशोर न्याय बोर्ड, रायगढ़ के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में हुई थी नकदी चोरी
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रतन मित्रा (67 वर्ष), निवासी बोईरदादर, रायगढ़ की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 332/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(क) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, चार हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार
पूछताछ में दोनों बालकों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ 3 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात आशीर्वाद मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश करने और गल्ले में रखे 4 हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी की रकम चारों ने आपस में एक-एक हजार रुपये बांट ली थी।
दो अन्य बालकों की तलाश जारी
पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों अपचारी बालकों के कब्जे से चोरी की राशि बरामद कर ली है। मामले में शामिल दो अन्य विधि से संघर्षरत बालकों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द ही हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







