NEET अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट: परीक्षा शुल्क रिफंड के लिए अब तक सिर्फ 52 प्रतिशत उम्मीदवारों ने जमा कराई बैंक डिटेल्स

बैंक जानकारी जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 रात 11:50 बजे तक बढ़ी, सही डिटेल्स देने वालों के खातों में रिफंड भेजने की प्रक्रिया शुरू
नई दिल्ली। NEET के लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने जानकारी दी है कि परीक्षा शुल्क रिफंड के लिए अब तक केवल करीब 52 प्रतिशत उम्मीदवारों ने ही अपने बैंक खाते की जानकारी जमा कराई है। ऐसे में जिन छात्रों ने अभी तक बैंक डिटेल्स अपडेट नहीं की हैं, उन्हें एक और मौका दिया गया है। NTA ने बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 रात 11:50 बजे तक बढ़ा दी है। एजेंसी ने यह भी साफ किया है कि जिन छात्रों ने समय पर बैंक डिटेल्स दे दी हैं, उनके खातों में रिफंड भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
NTA के मुताबिक 14 जुलाई 2026 तक कुल 11,46,401 उम्मीदवारों ने अपने बैंक खाते की जानकारी जमा कराई है। यह कुल पात्र उम्मीदवारों का लगभग 52 प्रतिशत है। एजेंसी ने बताया कि जिन उम्मीदवारों ने अपने बैंक खाते की सही जानकारी दी है, उनके खातों में परीक्षा शुल्क वापस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
क्यों लौटाया जा रहा है परीक्षा शुल्क?
NEET UG 2026 की परीक्षा पहले 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी, लेकिन परीक्षा के दौरान पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद NTA ने दोबारा परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया और 21 जून 2026 को री-एग्जाम कराया गया। इसी वजह से पात्र उम्मीदवारों को परीक्षा शुल्क वापस किया जा रहा है।
पहले बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई 2026 तय की गई थी, लेकिन बड़ी संख्या में उम्मीदवारों द्वारा जानकारी जमा नहीं करने के कारण NTA ने समयसीमा बढ़ा दी है। अब उम्मीदवार 31 जुलाई 2026 रात 11:50 बजे तक अपने बैंक खाते की जानकारी अपडेट कर सकते हैं। एजेंसी ने कहा है कि जो छात्र अभी तक बैंक डिटेल्स नहीं भर पाए हैं, वे तय समय के भीतर यह प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि उनका परीक्षा शुल्क वापस किया जा सके।
बैंक डिटेल्स क्यों जरूरी हैं?
NTA केवल उसी बैंक खाते में परीक्षा शुल्क वापस करेगी, जिसकी जानकारी उम्मीदवार आधिकारिक पोर्टल पर दर्ज करेंगे। यदि कोई उम्मीदवार समय पर बैंक डिटेल्स अपडेट नहीं करता है, तो उसके रिफंड की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसलिए सभी पात्र उम्मीदवारों को जल्द से जल्द अपना बैंक खाता अपडेट करने की सलाह दी गई है।
NTA ने OMR शीट भी जारी की
इसी बीच NTA ने NEET UG 2026 री-एग्जाम में शामिल हुए उम्मीदवारों की स्कैन की गई OMR आंसर शीट भी जारी कर दी है। इससे पहले एजेंसी प्रोविजनल आंसर-की जारी कर चुकी थी। अब उम्मीदवार अपनी रिस्पॉन्स शीट आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर लॉगिन करके देख सकते हैं।







