Raigarh News : जिला पंचायत बैठकों में सिंगल यूज प्लास्टिक बोतलों पर प्रतिबंध, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल

रायगढ़। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में जिला पंचायत ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की पहल पर बुधवार को आयोजित जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में सभी बैठकों में एकल-उपयोग (सिंगल यूज) प्लास्टिक पानी की बोतलों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने प्रस्ताव को दी सहमति
सामान्य सभा की बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने प्लास्टिक की पैक्ड पानी की बोतलों के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के प्रस्ताव का समर्थन किया। बैठक में स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था की गई, ताकि प्लास्टिक कचरे को कम किया जा सके।
प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था से मिलेगा सकारात्मक संदेश
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव रखते हैं। यदि शासकीय कार्यालय स्वयं प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था अपनाएंगे तो समाज में भी इसका सकारात्मक संदेश जाएगा।
अन्य संस्थानों से भी की अपील
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने जिले के अन्य शासकीय कार्यालयों, संस्थानों और नागरिकों से भी प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने की अपील की।
हरित एवं स्वच्छ कार्य संस्कृति की ओर कदम
जिला पंचायत की सामान्य सभा में लिया गया यह निर्णय जिले में स्वच्छ, हरित और पर्यावरण हितैषी कार्य संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।







