छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में फहराया तिरंगा, प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का किया आह्वान

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

तिरंगा राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक : मुख्यमंत्री

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों को एकता के सूत्र में बांधता है

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। तिरंगे को देखते ही प्रत्येक भारतीय का मन गर्व और राष्ट्रप्रेम से भर उठता है। यह 140 करोड़ भारतीयों को एकता के सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय गौरव है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने की अभिनव पहल है। आज यह अभियान व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। गांव से शहर तक घर-घर में लहराता तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के समर्पण को प्रदर्शित करता है।

स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को किया याद

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे सम्मान और गौरव के साथ अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगे को नमन करते हुए उन स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए, जिनके संघर्ष और बलिदान से देश को स्वतंत्रता मिली।

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की धरती ने अनेक वीर सपूतों को जन्म दिया। शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान जनजातीय नायक ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। प्रदेश के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और संघर्ष छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत है।

नई पीढ़ी को इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहा है। जब बच्चे और युवा अपने घरों पर तिरंगा फहराते हैं, तो उनके भीतर राष्ट्र के प्रति गौरव, जिम्मेदारी और कर्तव्य की भावना मजबूत होती है।

बलिदानों की याद दिलाता है स्वतंत्रता दिवस

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वतंत्रता हमें हमारे पूर्वजों के असंख्य बलिदानों से प्राप्त हुई है। अब इस स्वतंत्रता को सशक्त और सार्थक बनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इस राष्ट्रीय लक्ष्य को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि तिरंगे की छांव में हम सभी भारतीय हैं और राष्ट्रहित सर्वोपरि है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान इसी राष्ट्रीय चेतना को और मजबूत करने का प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर तिरंगा फहराने और एकजुट होकर विकसित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button