छत्तीसगढ़

सीएम साय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से की सौजन्य भेंट, छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं पर हुई चर्चा

Advertisement

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मुलाकात में छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं के विस्तार तथा केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर चर्चा हुई।

प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की जानकारी

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का विशेष फोकस प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसके निकट गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर है।

इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं तक स्वास्थ्य तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

बस्तर और सरगुजा के दूरस्थ क्षेत्रों पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा सहित प्रदेश के दूरस्थ, वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के कारण इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता चुनौतीपूर्ण रही है।

राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार, चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता और आधुनिक उपचार सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाने के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है।

केंद्र की स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, गंभीर बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य बीमा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

आयुष्मान भारत समेत योजनाओं से मिल रही मदद

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में व्यापक बदलाव हुए हैं। आयुष्मान भारत सहित केंद्र सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।

जेपी नड्डा ने सहयोग का दिया आश्वासन

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को और गति मिलेगी। विशेष रूप से दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लक्ष्य को तेजी से पूरा किया जा सकेगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button