रक्षाबंधन के दिन सड़क हादसे में युवक की मौत, अज्ञात वाहन टक्कर मारकर फरार

रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देहजरी के घुनगुट्टी नाला के पास रक्षाबंधन के दिन दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सुपर एक्सल सवार एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में नंदलाल डनसेना की मौत
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नंदलाल डनसेना, निवासी ग्राम देहजरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुपर एक्सल से जा रहा था, तभी घुनगुट्टी नाला के पास अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर के बाद वाहन चालक फरार
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन एवं चालक की तलाश की जा रही है।
रक्षाबंधन के दिन गांव में पसरा मातम
रक्षाबंधन जैसे पर्व के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से देहजरी गांव में शोक का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों में हादसे को लेकर गहरा दुख है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






