कोरबा में तालाब में डूबने से तीन मासूम सहेलियों की मौत

नहाने के लिए अलगू तालाब गई थीं तीनों बच्चियां, काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने शुरू की तलाश
कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में गुरुवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव के अलगू तालाब में नहाने गई तीन मासूम सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक का माहौल है। हादसे के बाद मृत बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं
जानकारी के मुताबिक, ग्राम नुनेरा निवासी इंदु अगरिया (7 वर्ष), पिता दुर्जन, राखी (8 वर्ष), पिता मलखम और साधना (8 वर्ष), पिता सुखसिंह गुरुवार दोपहर गांव के अलगू तालाब में नहाने के लिए गई थीं। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती में रहती थीं और आपस में सहेलियां थीं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को तीनों स्कूल नहीं गई थीं और घर पर ही थीं। इसी दौरान उनके परिजन अपने-अपने काम से बाहर गए हुए थे।
काफी देर तक घर नहीं लौटीं तो परिजनों को हुई चिंता
दोपहर में तालाब जाने के बाद जब तीनों बच्चियां काफी देर तक घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों को उनकी चिंता हुई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश करते हुए अलगू तालाब पहुंचे।
तालाब के किनारे बच्चियों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इससे ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।
तालाब में शुरू की गई खोजबीन
ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू की। इसी दौरान पानी में इंदु का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद अन्य दोनों बच्चियों की भी तालाब में खोजबीन की गई।
तीनों मासूमों की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। घटना ने ग्रामीणों और परिजनों को झकझोर कर रख दिया है।






