चक्रधर समारोह की छठवीं सांस्कृतिक संध्या का सांसद विजय बघेल ने किया शुभारंभ

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत, महाराजा चक्रधर सिंह को किया नमन; कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
रायगढ़। 41वें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह की छठवीं सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह स्थल पहुंचने से पहले सांसद ने रामलीला मैदान परिसर में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने महाराजा चक्रधर सिंह के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कलाकारों और प्रतिभागियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान सांसद विजय बघेल ने समारोह में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों एवं अन्य प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने आयोजन से जुड़े कलाकारों और कला प्रेमियों का उत्साहवर्धन भी किया।
महाराजा चक्रधर सिंह के योगदान को किया याद
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि चक्रधर समारोह में शामिल होना उनके लिए विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह ने संगीत, संस्कृति, परंपरा और कलाकारों को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह के प्रयासों से कला और संस्कृति को नई पहचान मिली तथा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध हुआ। यही परंपरा चक्रधर समारोह के माध्यम से चार दशक से अधिक समय से लगातार आगे बढ़ रही है।
देश की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर लाता है समारोह
विजय बघेल ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से कलाकार चक्रधर समारोह में पहुंचकर लोक और शास्त्रीय कलाओं की प्रस्तुतियां देते हैं। इससे भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत एक ही मंच पर दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग भाषाएं, बोलियां, खान-पान और परंपराएं होने के बावजूद कला एवं संस्कृति लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य करती है।
आयोजन समिति और कलाकारों को दी शुभकामनाएं
सांसद ने महाराजा चक्रधर सिंह के वंशजों, समारोह से जुड़े परिवार और आयोजन समिति को इस सांस्कृतिक परंपरा को लगातार आगे बढ़ाने के लिए बधाई दी। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कलाकारों, कवियों, पत्रकारों और कला प्रेमियों का छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत किया।
‘मोर संग चलो रे’ गीत से दिया विकसित भारत का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सांसद विजय बघेल ने छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गीत ‘मोर संग चलो रे’ की मधुर प्रस्तुति के जरिए उपस्थित लोगों को विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए मिलजुलकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उनकी इस प्रस्तुति से समारोह स्थल पर मौजूद दर्शकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।






