रायगढ़ में 4 घंटे बंद रहेगी बिजली सप्लाई, कोतवाली क्षेत्र के 11 इलाकों पर पड़ेगा असर

रायगढ़, 18 सितम्बर 2025। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। यह शटडाउन गर्ल्स कॉलेज सब स्टेशन में खुले तारों को कवर्ड तारों में बदलने के काम के लिए लिया गया है। इस दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी और लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
11 इलाकों में रहेगा असर
विद्युत विभाग के अनुसार, कोतवाली फीडर क्षेत्र में कार्य के चलते तकरीबन 11 एरिया प्रभावित होंगे। इनमें सेवाकुंज रोड, हंडी चौक, गायत्री मंदिर एरिया, महिला समृद्धि बाजार, अनाथालय कॉलोनी, कोतवाली थाना क्षेत्र, पुरानी हटरी, बड़े पान मसाला एरिया, किरोड़ीमल कॉलोनी, दुर्गा टेलर और लाल टंकी एरिया शामिल हैं।
जरूरत पड़ने पर कार्य की समय सीमा बदली भी जा सकती है, हालांकि फिलहाल सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
15 सितंबर को भी बंद हुई थी सप्लाई
मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत इस तरह का कार्य इससे पहले 15 सितम्बर को भी किया गया था। तब गर्ल्स कॉलेज सब स्टेशन के अंतर्गत स्टेशन फीडर की सप्लाई को सुबह 3 घंटे के लिए बंद किया गया था। उस दौरान सिविल लाइन, नटवर स्कूल, एसपी बंगला, स्टेशन चौक, आटले चौक, दरोगापारा, गुजराती पारा, गांधीगंज, एसपी ऑफिस, निगम कॉम्प्लेक्स और नायक बाड़ा का एरिया प्रभावित हुआ था।
सरकारी योजना के तहत हो रहा काम
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत 11 केवी खुले तारों को कवर्ड तारों में बदला जा रहा है। इसके लिए 33/11 केवी गर्ल्स कॉलेज सब स्टेशन के अंतर्गत कोतवाली क्षेत्र में काम किया जाएगा। इस वजह से इस फीडर से जुड़े इलाकों में गुरुवार को लगभग 4 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।






