Raigarh Education News : किरोड़ीमल कॉलेज को 10.78 करोड़ की सौगात, बनेंगी 12 कक्षाएं और 9 आधुनिक लैब; ओ.पी. चौधरी ने किया भूमिपूजन

दशकों पुरानी भवन और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की मांग होगी पूरी, एक साल में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश; पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब और सेमिनार हॉल की भी मिलेगी सुविधा
रायगढ़। राज्योत्सव के अवसर पर रायगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले की शैक्षणिक अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार शाम शासकीय किरोड़ीमल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 10 करोड़ 78 लाख 80 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित भवन एवं प्रयोगशाला निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।
12 कक्षाएं और 9 प्रयोगशालाओं का होगा निर्माण
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि महाविद्यालय में भवन और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब पुराने भवन के विस्तार के साथ नए भवन का निर्माण भी कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
निर्माण कार्य के तहत महाविद्यालय में 12 कक्षाएं और 9 प्रयोगशालाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा स्टाफ रूम, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब और सेमिनार हॉल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए स्थायी सांस्कृतिक मंच और डोम का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे कॉलेज में होने वाले कार्यक्रमों के लिए बार-बार अस्थायी मंच तैयार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एक साल में निर्माण पूरा करने के निर्देश
भूमिपूजन के दौरान वित्त मंत्री ने निर्माण एजेंसी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरा कार्य एक वर्ष के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
ओ.पी. चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए शासन ने यह राशि स्वीकृत की है। इसलिए निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।






