रायगढ़

पिता-पुत्र पर तलवार और डंडे से हमला, हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement Carousel

स्कूटी का तेल खत्म होने की बात पर हो रहे विवाद में हस्तक्षेप करने पर की थी मारपीट, तलवार और कपड़े बरामद

गाली-गलौज रोकने पर किया हमला

रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हाथ-मुक्के, डंडे और तलवार से हमला कर दोनों को चोट पहुंचाई थी। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को मनोज पानीकर (49 वर्ष), निवासी सोनुमुड़ा सोनकरपारा ने थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी फल दुकान से घर पहुंचे थे। इसी दौरान घर के सामने धनी भट्ट, किट्टु सिदार और उनके साथी स्कूटी का तेल खत्म होने की बात को लेकर गाली-गलौज कर रहे थे।

मनोज पानीकर ने जब उन्हें गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपियों ने एक राय होकर उन पर और उनके बेटे प्रिंस पर हाथ-मुक्के, डंडे और तलवार से हमला कर दिया।

हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109(1) और धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।

आरोपियों के मकान से तलवार और कपड़े बरामद

आरोपियों की पतासाजी के दौरान पुलिस टीम ने दबिश देकर दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु, पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु और छबी भट्ट उर्फ डब्बु को उनके घर से पकड़ा। पुलिस ने आरोपी दिनदयाल भट्ट के मकान से घटना में इस्तेमाल तलवार और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए।

जब्त तलवार की लंबाई और चौड़ाई के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी धनी भट्ट की तलाश जारी है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button