मामूली विवाद में पति ने पत्नी की बेरहमी से की हत्या, पैर से गला दबाकर उतारा मौत के घाट

रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम टेढ़ासेमरा में 26 वर्षीय पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी 22 वर्षीय पत्नी की हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद पैर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
मारपीट के बाद की हत्या
मृतका की पहचान सोमारी पहाड़ी कोरवा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उसका पति सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा (26 वर्ष) के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली।
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद मृतका की मां दिनो बाई पहाड़ी कोरवा ने कापू थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में हत्या का अपराध दर्ज किया।
आरोपी पति गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए कापू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।





