तूफान ‘अकवान’ से फसल नुकसान पर CM साय का बड़ा ऐलान, प्रभावित किसानों को मिलेगी आर्थिक सहायता

सभी जिला कलेक्टरों को फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश, RBC 6-4 और फसल बीमा योजना के तहत मिलेगी राहत
रायपुर। तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रभावित किसानों को राहत का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है, सरकार उन्हें नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।
सभी जिलों में फसल नुकसान का होगा सर्वे
मुख्यमंत्री साय ने चक्रवात अकवान के कारण फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए सभी जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। सर्वे के माध्यम से फसल क्षति का आकलन किया जाएगा, ताकि वास्तविक नुकसान के आधार पर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान की जा सके।
RBC 6-4 और फसल बीमा से मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सर्वेक्षण के आधार पर पात्र किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्राकृतिक आपदा से नुकसान झेलने वाले किसानों तक समय पर राहत पहुंचाई जा सके।





