सरकारी जमीन फर्जीवाड़े में एक और गिरफ्तारी, ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत भूमि विक्रेता उजीतराम गिरफ्तार

रायगढ़। शासकीय भूमि की हेराफेरी कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए निजी व्यक्तियों के नाम पर जमीन का अंतरण और बिक्री करने के मामले में कापू पुलिस को एक और सफलता मिली है। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस ने भूमि विक्रेता आरोपी उजीतराम (52 वर्ष), निवासी ग्राम रायमेर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में तत्कालीन पटवारी सहित कई लोगों के नाम पहले ही सामने आ चुके हैं।
शासकीय जमीन के रिकॉर्ड में की गई थी हेराफेरी
मामले का खुलासा 11 अगस्त 2026 को हुआ, जब तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल ने थाना कापू में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के विभिन्न खसरा नंबरों में कूटरचना कर खसरा बंटाकन और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर किया गया था। इसके बाद बाहरी व्यक्तियों के नाम पर फर्जी पट्टे तैयार कर दलालों के माध्यम से जमीन की रजिस्ट्री कराई गई।
तत्कालीन पटवारी समेत पांच लोगों पर दर्ज हुआ था मामला
जांच में तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज करने और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आगे अंतरण किए जाने का खुलासा हुआ। इसके बाद तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुक्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, भूमि विक्रेता उजीतराम, अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो और लालबहादुर यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 120(बी) भादवि में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पहले तत्कालीन पटवारी और साक्षी हो चुके हैं गिरफ्तार
विवेचना के दौरान 2 सितंबर 2026 को पुलिस ने फरार आरोपी तत्कालीन पटवारी राकेश साय (45 वर्ष), निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़ को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए गए थे। इसके बाद मामले में शामिल अगस्तुस खलखो (43 वर्ष), निवासी पोराडाही को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने रजिस्ट्री दस्तावेजों में अनुप्रमाणक साक्षी के रूप में हस्ताक्षर करने की बात स्वीकार की थी। उसके बयान के आधार पर कैलाश जेठवानी से बातचीत में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
मुखबिर की सूचना पर गांव से पकड़ा गया उजीतराम
22 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि मामले का फरार आरोपी उजीतराम अपने गांव रायमेर में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्ति के नाम पर दर्ज की गई थी। बाद में कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन का दूसरे व्यक्ति के पक्ष में अवैध अंतरण किया गया।
कैलाश जेठवानी को दिया था बिक्री का मुक्तारनामा
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि उजीतराम ने उक्त जमीन की बिक्री के लिए कैलाश जेठवानी को मुक्तारनामा दिया था। इसके माध्यम से जमीन की बिक्री कराई गई। विवेचना में आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 22 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी
कापू पुलिस इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है।





