भिलाई को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की 154.66 करोड़ की सौगात, सड़क निर्माण से लेकर ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम तक की घोषणा

तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए जारी हुए 886 करोड़ रुपये, ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3 हजार निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़ रुपये
भिलाई को मिले 154.66 करोड़ के विकास कार्य
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को इस्पात नगरी भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों को रिटेंशन आवास के किराए में 24 गुना वृद्धि से राहत दिलाने के लिए किए गए निर्णय का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद अधिकारियों से बातचीत कर मासिक किराया वृद्धि को कम करते हुए 6 रुपये निर्धारित किया गया, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।
दो प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए 27 करोड़ की घोषणा
मुख्यमंत्री ने भिलाई विधानसभा क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं की घोषणा की। कुरुद-जुनवानी कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की गई। वहीं जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। इसके अलावा भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा की गई।
सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की 33 किस्तों में अब तक 21 हजार 350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। रामलला दर्शन योजना सहित अन्य योजनाओं से भी लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।
भिलाई से अपने पुराने जुड़ाव को किया याद
मुख्यमंत्री ने भिलाई से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री ने उन्हें इस्पात राज्यमंत्री का दायित्व सौंपा था, तब क्षेत्र की समस्याओं और विभिन्न घटनाओं के दौरान लोगों के साथ उनका लगातार संवाद और सहयोग बना रहा। उन्होंने कहा कि भिलाई औद्योगिक और नगरीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में नगरीय सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति दी जा रही है। पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की चुनौती से निपटने के बाद निवेश, उद्योग और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों के आगमन की संभावनाएं बढ़ी हैं। आने वाले समय में भिलाई की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। नगरीय निकायों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के प्रयासों के चलते प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार भी मिल रहे हैं।
ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3 हजार निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। राजस्व विभाग के अंतर्गत यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों की जमा राशि लौटाने की प्रक्रिया में मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर 3 हजार निवेशकों के खातों में कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये अंतरित किए।
आवास, स्वरोजगार और स्वास्थ्य योजनाओं के हितग्राही सम्मानित
नगर निगम भिलाई के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के आठ हितग्राहियों को प्रमाण पत्र दिए गए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत छह स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के पांच हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
श्रमिकों और महिला स्व-सहायता समूहों को भी मिला लाभ
सहायक श्रमायुक्त विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के दो हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए। सात श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के अंतर्गत नौ महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण राशि के चेक प्रदान किए गए। मत्स्य विभाग की ओर से हितग्राहियों को आइस बॉक्स, नाव और जाल वितरित किए गए। पट्टाधृति योजना के तहत 10 हितग्राहियों को पट्टे भी दिए गए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, महापौर नीरज पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।





