Uncategorised

रायगढ़ में अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 10 ट्रैक्टर और 2 हाईवा जब्त

Advertisement

रायगढ़। जिले में रेत की अवैध तस्करी लगातार बढ़ते जाने की शिकायतों के बाद खनिज विभाग ने सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को चलाए गए विशेष जांच अभियान में खनिज अमले ने 10 ट्रैक्टर और 2 हाईवा वाहनों को रेत के अवैध परिवहन करते पकड़ा और सभी वाहनों को जब्त कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जिले के कई रेत घाटों से बिना अनुमति रेत का उत्खनन किया जा रहा था और उसे ट्रैक्टर व भारी वाहनों के जरिए शहर की सड़कों पर खुलेआम परिवहन किया जा रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खनिज विभाग ने 5 नवंबर से जांच अभियान शुरू किया। इस दौरान ग्राम लेबड़ा क्षेत्र में 10 ट्रैक्टर रेत से भरे हुए पकड़े गए। पूछताछ में कोई भी चालक रेत परिवहन से जुड़े कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जिसके बाद 6 ट्रैक्टरों को भूपदेवपुर थाने और 4 ट्रैक्टरों को कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया गया।

इसी तरह अमलीभौना क्षेत्र में रेत से भरी दो हाईवा भी पकड़ी गईं। जांच में इनके पास भी कोई दस्तावेज नहीं मिले, जिसके चलते दोनों हाईवा जब्त कर कलेक्ट्रेट में खड़ी कराई गईं।

खनिज विभाग ने वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2025 एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अब और सख्त निगरानी रखी जाएगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button