एमएसपी स्टील एंड पावर में फिटर की मौत : औद्योगिक स्वास्थ्य व सुरक्षा विभाग ने प्लांट प्रबंधन को भेजा नोटिस

रायगढ़। जामगांव स्थित एमएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड में बीते दिनों हुए दर्दनाक हादसे के मामले में जांच पूरी होने के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग (IHSD) ने प्लांट प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने प्लांट के अधिभोगी और कारखाना प्रबंधक को कारखाना अधिनियम 1948 के तहत नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। नोटिस के जवाब के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय होगी।
कैसे हुआ हादसा
24 नवंबर को एमएसपी स्टील एंड पावर के किल्न नंबर-2 में कार्यरत फिटर लक्ष्मण प्रसाद साहू फीडिंग लाइन के इंजेक्शन सर्किट की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उप संचालक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण तथा स्टाफ के बयान दर्ज किए।
जांच में मिली गंभीर लापरवाही
प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हादसा असुरक्षित कार्यपद्धति अपनाने और आवश्यक सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ। इसी आधार पर विभाग ने प्लांट के अधिभोगी प्रदीप कुमार डे और कारखाना प्रबंधक संजय सिंह परिहार को नोटिस जारी किया है।
पुलिस भी कर रही अलग से जांच
इधर चक्रधरनगर पुलिस ने भी मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विभागीय जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
एमएसपी प्रबंधन की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
बताया जा रहा है कि प्लांट में लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग अब सख्त रुख अपना रहा है। ऐसे में अनुमान है कि आने वाले दिनों में एमएसपी प्रबंधन की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।












