गांधी गंज में 16 जुलाई को होगा संगीतमय पार्थिव शिवलिंग रूद्राभिषेक

भोले के दिवाने परिवार के भव्य आयोजन में आमगांव, महाराष्ट्र से आए शिवभक्त देंगे विशेष प्रस्तुति
रायगढ़। आगामी 16 जुलाई को गांधी गंज स्थित स्थल पर भोले के दिवाने परिवार द्वारा संगीतमय पार्थिव शिवलिंग रूद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस विशेष धार्मिक आयोजन में आमगांव, महाराष्ट्र से पधारे शिव भक्तों का दल अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2 बजे से होगी, जिसमें शिव-पार्वती रूपांतरण, नृत्य नाटिका और भक्तिरस में डूबे भजनों की श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी। आयोजन की सबसे विशेष बात यह है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह संगीतबद्ध होगा, जिसमें शिव भक्ति की गूंज वातावरण को पवित्र कर देगी।
12 पार्थिव ज्योतिर्लिंगों का होगा भव्य श्रृंगार और रूद्राभिषेक
भोले के दीवाने ग्रुप आमगांव द्वारा 12 पार्थिव ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृति को साज-सज्जा के साथ प्रस्तुत किया जाएगा, जिनका संगीतमय महारुद्राभिषेक विधिवत रूप से किया जाएगा। इन ज्योतिर्लिंगों में कुल 24 जोड़ों को बैठने की व्यवस्था की गई है। आयोजन के दौरान अभिषेक में उपयोग की जाने वाली प्रत्येक सामग्री की जानकारी भी श्रद्धालुओं को दी जाएगी।
विगत दो वर्षों से यह आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न होता आ रहा है, और इस वर्ष भी आयोजन समिति इसकी तैयारियों में पूरी निष्ठा से जुटी हुई है। स्थानीय श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।













