बीआरआईसीएस की अध्यक्षता भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत का प्रतीक: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर निभा रहा प्रभावी भूमिका
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में भारत को बीआरआईसीएस की अध्यक्षता मिलना और 18वें बीआरआईसीएस शिखर सम्मेलन की मेजबानी करना देश की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।
ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूती देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अपनी प्राथमिकताओं के साथ-साथ विकासशील देशों और ग्लोबल साउथ की अपेक्षाओं को भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावी ढंग से रखने की दिशा में काम कर रहा है। उनके अनुसार, बीआरआईसीएस की अध्यक्षता भारत को वैश्विक सहयोग और साझा विकास के लिए अपनी सोच और अनुभव सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।
सहयोग, नवाचार और सतत विकास पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री के मुताबिक भारत की बीआरआईसीएस अध्यक्षता की थीम ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता का निर्माण’ है। उन्होंने कहा कि इस थीम के माध्यम से वैश्विक सहयोग को बढ़ाने, तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करने और सतत विकास के लिए नए रास्ते तलाशने पर जोर दिया जा रहा है।
आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आतंकवाद के खिलाफ अपना स्पष्ट और दृढ़ रुख कायम रखा है। उन्होंने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय समावेशन और तकनीक के जरिए आम लोगों के जीवन में आए बदलावों को भी भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के रूप में रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि बीआरआईसीएस जैसे बहुपक्षीय मंच सदस्य देशों को अपने अनुभव साझा करने और विकास की नई संभावनाओं पर मिलकर काम करने का अवसर देते हैं।
निवेश, तकनीक और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक भागीदारी का लाभ राज्यों तक भी पहुंच रहा है। इससे निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर बनने की संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।






