CG News: कापू के 150 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को मिले खिलौने, उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान

Seva Sankalp Abhiyan 2026: राष्ट्रीय पोषण माह के समापन पर सांसद राधेश्याम राठिया ने किया खिलौनों का वितरण। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सेवाओं को सराहा गया, पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता पर भी दिया गया जोर।
रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत एकीकृत बाल विकास परियोजना कापू में राष्ट्रीय पोषण माह का समापन किया गया। कार्यक्रम में रायगढ़ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने परियोजना के 150 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए खिलौनों का वितरण किया। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय कर्मचारियों और सेक्टर पर्यवेक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Anganwadi Centers: खेल-खेल में सीखेंगे बच्चे
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जनसहयोग से उपलब्ध कराए गए खिलौनों से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेल के माध्यम से सीखने और उनकी रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में माताओं और बच्चों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विभागीय मैदानी अमले से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

National Nutrition Month: पौष्टिक आहार के प्रति किया जागरूक
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया गया। अतिथियों ने हरी पत्तेदार सब्जियों, संतुलित आहार और घर-घर मुनगा लगाने के महत्व पर जोर दिया। गर्भवती महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषणयुक्त भोजन अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
परियोजना अधिकारी सुश्री सुनीता खलखो ने विभागीय कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीनव राठिया ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए पोषण संबंधी जागरूकता को परिवार और समाज तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।

जनप्रतिनिधियों और विभागीय अमले की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में धरमजयगढ़ जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती लीनव राठिया, उपाध्यक्ष श्री शिशुपाल गुप्ता, श्री विनय शर्मा, श्री नीरज शर्मा, श्री भरत लाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में परियोजना अधिकारी एवं विभागीय टीम ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।






