Lailunga Double Murder : लैलूंगा में मां और 10 माह की मासूम बेटी की निर्मम हत्या, पुलिस जांच में जुटी

छापरपानी गांव के बोर घर में मिले खून से लथपथ शव, अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में मां और उसकी 10 माह की मासूम बेटी की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई है। छापरपानी गांव के बाहर स्थित एक बोर घर में दोनों के खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
बोर घर में रह रही थी महिला
पुलिस के अनुसार, बरत कुमारी (लगभग 40 वर्ष) के पति की करीब चार-पांच वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती थी और वह गांव में इधर-उधर रहकर जीवनयापन कर रही थी। करीब 10 माह पहले उसने एक बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद वह अपनी बेटी परी के साथ गांव के प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर घर में रह रही थी।
ग्रामीण ने दी घटना की सूचना
बताया गया कि बुधवार को बरत कुमारी को सुकवास गांव से चावल लेकर लौटते हुए देखा गया था। गुरुवार सुबह ग्रामीण ननकूराम ने बोर घर में उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो महिला और उसकी मासूम बेटी दोनों खून से लथपथ पड़ी थीं।
सिर और चेहरे पर किए गए थे वार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया। महिला के शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था, जबकि 10 माह की मासूम बेटी परी की भी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आशंका जताई है कि दोनों की हत्या बेहद बेरहमी से की गई है।
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक (एफएसएल) टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी कर रहे हैं मॉनिटरिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह स्वयं जांच की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है तथा वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है।







