CBSE का बड़ा कदम : कक्षा 8वीं से 12वीं के छात्रों के लिए 19 फ्री ऑनलाइन कोर्स, AI से लेकर साइबर सिक्योरिटी तक सीखने का मौका

रायपुर। सीबीएसई ने कक्षा 8वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए बड़ा शैक्षणिक कदम उठाते हुए 19 मुफ्त ऑनलाइन कोर्स शुरू किए हैं। इन कोर्सेस के जरिए छात्र घर बैठे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, पायथन प्रोग्रामिंग, कोडिंग और साइबर सिक्योरिटी जैसे आधुनिक विषयों को सीख सकेंगे।
मॉडर्न टेक्नोलॉजी से जुड़ेंगे छात्र
बोर्ड का उद्देश्य छात्रों को स्कूली शिक्षा के साथ-साथ डिजिटल स्किल्स से जोड़ना है, ताकि वे भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए पहले से तैयार हो सकें। इन कोर्सेस को इस तरह डिजाइन किया गया है कि ये नियमित पढ़ाई को प्रभावित किए बिना अतिरिक्त ज्ञान प्रदान करें।
पूरी तरह मुफ्त और ऑनलाइन सुविधा
सीबीएसई के अनुसार, इन कोर्सेस के लिए किसी प्रकार की फीस नहीं देनी होगी। छात्र अपने स्कूल और घर से ऑनलाइन लॉग-इन कर अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर सकते हैं। कोर्सेस को लचीले समय के अनुसार तैयार किया गया है, जिससे छात्र अपनी गति से सीख सकें।
राष्ट्रीय संस्थान की मदद से तैयारी
इन कोर्सेस को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) की सहायता से विकसित किया गया है और इन्हें डिजिटल यूनिवर्सिटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है।
हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कोर्स
छात्रों की सुविधा के लिए कई कोर्स हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि भाषा किसी भी प्रकार की बाधा न बने। कोर्स की अवधि विषय के अनुसार अलग-अलग रखी गई है—कुछ कोर्स 15 घंटे के हैं, जबकि कुछ 100 घंटे से अधिक अवधि वाले एडवांस मॉड्यूल भी शामिल हैं।
स्कूलों को दिए गए निर्देश
सीबीएसई ने सभी संबद्ध स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे इस पहल की जानकारी छात्रों और अभिभावकों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें।







