Raigarh Disneyland Mela : सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर डिज्नीलैंड मेला निरस्त, बिना अनुमति संचालन पर होगी FIR

रायगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रस्तावित बहुप्रतीक्षित डिज्नीलैंड मेले को जिला प्रशासन ने सुरक्षा और नियमों के उल्लंघन के चलते अनुमति देने से इनकार कर दिया है। कलेक्टर एवं एसडीएम ने मेले के अनुमति आवेदन को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
सुरक्षा मानकों में मिली गंभीर खामियां
प्रशासन के अनुसार मेले में लगाए जाने वाले जायंट व्हील, ब्रेक डांस, रोलर कोस्टर और टोरा-टोरा जैसे बड़े झूलों के लिए आवश्यक स्ट्रक्चरल सेफ्टी और वैध फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किए गए। साथ ही अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास और सुरक्षा प्रबंधन भी अधूरा पाया गया।
मनमानी वसूली पर भी प्रशासन सख्त
जांच में सामने आया कि आयोजक गेट एंट्री टिकट लागू करने की तैयारी में थे, जबकि टिकटों से होने वाली आय का कोई पारदर्शी विवरण प्रस्तुत नहीं किया गया। झूलों की दरों को लेकर भी निर्धारित नियमों के अनुरूप स्पष्ट दर सूची उपलब्ध नहीं कराई गई थी।
बिना एनओसी शुरू कर दिया था निर्माण
प्रशासन ने पाया कि पुलिस, फायर ब्रिगेड, विद्युत सुरक्षा और अन्य संबंधित विभागों की अंतिम अनापत्ति (NOC) प्राप्त किए बिना ही झूले और टिकट काउंटर लगाए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया था। इसके अलावा मेला स्थल पर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था भी नहीं थी, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका थी।
बिना अनुमति संचालन पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने आयोजकों को तत्काल झूलों का ढांचा हटाकर परिसर खाली करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और नगर निगम को निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं। यदि बिना अनुमति गेट एंट्री शुल्क वसूला गया या झूलों का संचालन किया गया, तो संबंधितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







