
बिलासपुर के खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दोनों खिलाड़ी चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी गीता यादव और मधु सिदार का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी चीन के मोकी में आगामी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर भारतीय टीम में चयन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से उनकी तैयारियों की जानकारी लेते हुए जूनियर एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार और संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
खेल अकादमी में ले रहीं प्रशिक्षण
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयनित दोनों खिलाड़ी छत्तीसगढ़ की पहली आवासीय खेल अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। यहां वे वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक श्री अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में हॉकी की बारीकियां सीख रही हैं।
छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान
गीता यादव और मधु सिदार का भारतीय टीम में चयन प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है। खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल रही हैं, जिसका परिणाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।








