मारपीट के केस से नाम हटाने के लिए मांगी 1.20 लाख की रिश्वत, 80 हजार लेते SI रंगेहाथ गिरफ्तार

हिसार ACB ने अग्रोहा मोड़ पर बिछाया जाल, शिकायतकर्ता से पैसे लेते ही दबोचा; भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
हिसार। हरियाणा के हिसार में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हांसी के बास थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर अमृतलाल को 80 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि SI ने मारपीट के एक मामले में आरोपी के भाई का नाम हटाने के बदले 1 लाख 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में 80 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
ACB इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के मुताबिक, बास थाने में कुछ दिन पहले लड़ाई-मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। इसमें मिर्चपुर निवासी सत्यवान का एक बेटा गिरफ्तार था, जबकि उसके दूसरे बेटे का नाम भी मुकदमे में शामिल था। आरोप है कि SI अमृतलाल ने दूसरे बेटे का नाम केस से हटाने के एवज में 1 लाख 20 हजार रुपये मांगे थे।
शिकायतकर्ता सत्यवान ने इसकी जानकारी विजिलेंस को दी। बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 80 हजार रुपये तय हुई। शिकायत की पुष्टि होने पर इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में ACB टीम ने ट्रैप की योजना तैयार की।
अग्रोहा मोड़ पर रिश्वत लेते ही गिरफ्तार
योजना के मुताबिक, गुरुवार को शिकायतकर्ता 80 हजार रुपये लेकर हिसार के अग्रोहा मोड़ पहुंचा। जैसे ही उसने SI अमृतलाल को रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से तैनात ACB टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
छुछक समारोह में हुए विवाद से जुड़ा है मामला
जिस मुकदमे में नाम हटाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप है, वह 27 मई 2025 को हांसी के गांव भाटोल जाटान में आयोजित छुछक समारोह के दौरान हुए विवाद से संबंधित है। जानकारी के अनुसार, हुक्का मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद मेहमानों पर बीयर की बोतलों से हमला किए जाने का आरोप लगा था।





