छत्तीसगढ़

रायपुर में जुए के विवाद में युवक की हत्या, शव को रेलवे ट्रैक पर रखकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश

Advertisement

रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोगांव इलाके से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जुआ खेलने के दौरान हार-जीत के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया।

जुए के दौरान पैसों को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, घटना बीती रात गोगांव में रेलवे पटरी के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान प्रीतम साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रीतम सहित कुछ लोग रात करीब 8 बजे से वहां जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान हार-जीत की रकम के लेनदेन को लेकर प्रीतम का कुछ लोगों से विवाद हो गया।

चाकू से किए कई वार

विवाद बढ़ने पर प्रीतम पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। उसके सीने, पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव मिले हैं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप

पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने कथित तौर पर शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया। इसके चलते ट्रेन की चपेट में आने से मृतक की एक टांग कट गई। शुरुआत में मामला आत्महत्या या रेलवे दुर्घटना जैसा प्रतीत हुआ, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे घाव मिलने के बाद पुलिस को हत्या का संदेह हुआ।

पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिले चोटों के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें सक्रिय हुईं। जांच के दौरान पुलिस ने कई संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

निखिल ध्रुव समेत अन्य पर संदेह

पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि जुए के दौरान पैसों के विवाद को लेकर प्रीतम का कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। मामले में निखिल ध्रुव नाम के एक संदेही पर चाकू से हमला करने का आरोप सामने आया है। पुलिस अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

कुछ संदेहियों के नाबालिग होने की भी जांच

पुलिस पूरे मामले में आरोपियों की भूमिका और उनकी उम्र की तस्दीक कर रही है। बताया जा रहा है कि कुछ संदेहियों के नाबालिग होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

राजधानी में लगातार हत्याओं से उठ रहे सवाल

रायपुर में हाल के दिनों में लगातार सामने आई हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। गुढ़ियारी की इस वारदात ने भी शहर में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल गुढ़ियारी थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और आधिकारिक खुलासे का इंतजार है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button