Vijay Sharma Challenge to Rahul Gandhi: विजय शर्मा ने राहुल गांधी को दी खुली बहस की चुनौती, बोले– SIR और नक्सलवाद पर कर लें चर्चा

उप मुख्यमंत्री ने कहा– बहस का समय और स्थान राहुल गांधी खुद तय करें, SIR पर चर्चा के लिए दिल्ली आने को भी तैयार
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती देने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जवाबी चुनौती दी है। उन्होंने SIR और नक्सलवाद जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी को खुली बहस के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि चर्चा का समय और स्थान वे स्वयं तय कर सकते हैं।
SIR के मुद्दे पर दिल्ली आने को भी तैयार
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यदि राहुल गांधी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर चर्चा करना चाहते हैं तो वे इसके लिए दिल्ली आने को भी तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में भी SIR की प्रक्रिया कई बार पूरी की गई है।
शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री से बहस की कल्पना करने के बजाय पहले उनसे ही चर्चा कर लेनी चाहिए। उन्होंने नक्सलवाद सहित अन्य मुद्दों पर भी खुली बहस की चुनौती दी।
राहुल गांधी के प्रस्ताव पर कसा तंज
विजय शर्मा ने राहुल गांधी के सार्वजनिक बहस के प्रस्ताव पर तंज कसते हुए कहा कि सड़क पर गुलाब लेकर आने और इस तरह बहस की बात करना बचपना है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि राहुल गांधी आखिर बड़े कब होंगे।





